सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

सामाजिक रूपांतरण में मीडिया की भूमिका (Role of Media in Social Transformation) Samajik Rupantaran me Media ki Bhumika

सामाजिक रूपांतरण में मीडिया की भूमिका

Role of Media in Social Transformation 




संचार का इतिहास उतना ही प्राचीन है जितना की ये समाज, परन्तु मीडिया शब्द का आविर्भाव बहुत अधिक प्राचीन नहीं है, संचार जहाँ संदेशों के संचरण का पर्याय है, मीडिया बदलाव और एक क्रान्ति का नाम है, जिसने इतनी तेजी से और इतनी गहराई में पैर जमाये हैं कि आज मीडिया के बिना समाज की कल्पना पाषाण काल में जाने जैसा है। सामाजिक रूपांतरण एक रूढ़ शब्द नहीं है, बल्कि इसकी आत्मा में एक गतिशीलता का भाव छुपा हुआ है। सामाजिक संदर्भों में रूपांतरण एक कायिक प्रकिया है, जिसमें व्यक्ति, संस्थाएं, समाज या समूह के व्यवहार में एक किस्म का आमूल-चूल परिवर्तन देखा जाता है। यह परिवर्तन सकारात्मक और नकारात्मक दोनों ही तरह का हो सकता है।

जहां तक सामाजिक रूपांतरण में मीडिया का भूमिका का प्रश्न है, यह शैक्षिक नवाचार के एक प्रतिरूप के रूप में अभी तक सामने आया देखा जाता रहा है। मीडिया समाज को बदलने का माध्यम है और इसके शब्द ऐसे हथियार हैं, जो व्यक्ति की मानसिकता को तत्काल प्रभावित-अभिप्रेरित करने की क्षमता रखते हैं। जब भी मीडिया और समाज की बात की जाती है तो मीडिया को समाज में जागरूकता पैदा करने वाले एक माध्यम के रूप में देखा जाता है, जो आम जनमानस को सही व गलत करने की दिशा में एक प्रेरक का कार्य करता नजर आता है। जहां कहीं भी अन्याय है, शोषण है, अत्याचार, भ्रष्टाचार और छलना है उसे जनहित में उजागर करना मीडिया का मर्म और धर्म है । 


मीडिया ने पिछले एक दशक में मानव अभिरुचि की पत्रकारिता, नो नेगेटिव अखबार, सामाजिक बदलाव के वाहकों की प्रेरक जीवन गाथाओं पर अपना ध्यान केंद्रित किया है। आज की भागमभाग भरी जिंदगी में किसी के पास भी वक्त की सबसे ज्यादा कमी है। इसके कारण रिश्तों और पारिवारिक संबंधों पर प्रतिकूल असर देखा जा रहा है। हां घर-परिवार का व्यवहार बदलने, प्रेरक संदर्भों द्वारा समाज की मानसिकता में परिवर्तन लाने, सामाजिक तौर पर या समूह को प्रेरित कर समाज के लिए कुछ अच्छा करने और नागरिकों के कर्तव्य याद दिलाने में मीडिया की भूमिका प्रखर रूप से सामने आयी है। प्रस्तुत शोध पत्र में मीडिया और सामाजिक बदलाव के अंतरसंबंध को देखने की कोशिश की जाएगी तथा मीडिया द्वारा सामाजिक बदलाव हेतु उठाए मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। व्यावसायिक रुझानों के बावजूद सामाजिक रूपांतरण में ऐसी पहल को सापेक्ष प्रतिष्ठा मिली है और पाठकों के फीडबैक का अध्ययन का निष्कर्ष भी है कि समाज और उसमें रह रहा व्यक्ति आमतौर पर सकारात्मक तौर पर सोचता है, सकारात्मक चीजें करना चाहता है, सिर्फ उसकी मनोवृत्ति को एक दिशा देने का उत्प्रेरक होना चाहिए।

कुछ उदाहरण यहां समीचीन हैं। लगातार बढ़ती वृद्ध आबादी और वृद्धों के प्रति वैयक्तिक असंवेदनशीलता के बढ़ने पर मीडिया ने समाज का ध्यान खींचा। वृद्धों की परिवार में महती भूमिका और उनका उत्तरकाल उनकी पूर्ववर्ती पीढ़ियों की धरोहर है, यह बताने, समझाने और उसी के अनुरूप समाज के ढालने में मीडिया ने कई अभियान चलाये हैं। अंग्रेजी माध्यम की पत्रकारिता ने जन-सरोकार से जुड़े इस मुद्दे पर अपने परिशिष्टों में साक्षात्कार के आधार पर कई रिपोर्टें प्रकाशित की, जिससे वृद्धों के प्रति जिम्मेवारी का भाव अब उनकी संतानों में बढ़ता देखा जा रहा है। दूसरी ओर, पुत्र की कामना में जब समाज की औरतें नाना प्रकार की प्रताड़नाएं झेल रही थीं, तब मीडिया ने बेटी की अहमियत साबित करने और उसकी सुरक्षा हेतु जी-जान लगा दिया। 


आज की तारीख में किसी भी विज्ञापन में जहां परिवार को दिखाया जाता है, वहां बेटियां सबसे आगे हैं। उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाकर उनकी अहमियत बताने की मीडिया द्वारा छेड़ी गयी मुहिम का ही असर है कि तमाम सेलिब्रिटी यदि कोई बच्चा गोद लेना चाहते हैं, तो वे बेटियों को प्राथमिकता दे रहे हैं। अपवाद को छोड़ दें तो मीडिया की जागरूकता की वजह से ही गर्भ में पल रही बेटी को मार डालने की घटना में तेजी से गिरावट दर्ज हुई है। मीडिया ने जनमानस को समझाने में काफी हद तक सफलता हासिल की है कि बेटा और बेटी में कोई फर्क नहीं। जरूरी नहीं कि पुत्र ही परिवार का चिराग हो। बेटियां भी अवसर मिलने पर वे सारे काम कर सकती हैं, जिससे मां-बाप का सिर गर्व से ऊंचा हो सकता है। इस मुहिम की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि ईमानदारी से चलाया गया मीडिया का हर सकारात्मक अभियान सामाजिक रूपांतरण का एक वाहक बन कर सामने आया है।


निवदेन – Friends अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो हमारे Facebook Page को जरुर like करे और  इस post को share करे | और हाँ हमारा free email subscription जरुर ले ताकि मैं अपने future posts सीधे आपके inbox में भेज सकूं |

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

बनाया है मैंने ये घर धीरे-धीरे (Banaya hai maine ye ghar dhire dhire) By Dr. Ram Darash Mishra

बनाया है मैंने ये घर धीरे-धीरे बनाया है मैंने ये घर धीरे-धीरे, खुले मेरे ख्वावों के पर धीरे-धीरे। किसी को गिराया न खुद को उछाला, कटा जिंदगी का सफर धीरे-धीरे। जहां आप पहुंचे छलांगे लगाकर, वहां मैं भी आया मगर धीरे-धीरे। पहाड़ों की कोई चुनौती नहीं थी, उठाता गया यूंही सर धीरे-धीरे। न हंस कर, न रोकर किसी ने उड़ेला, पिया खुद ही अपना जहर धीरे-धीरे। गिरा मैं कभी तो अकेले में रोया, गया दर्द से घाव भर धीरे-धीरे। जमीं खेत की साथ लेकर चला था, उगा उसमें कोई शहर धीरे-धीरे। मिला क्या न मुझको ऐ दुनिया तुम्हारी, मोहब्बत मिली, मगर धीरे-धीरे। साभार- साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित डॉ. रामदरश मिश्र  (हिन्दुस्तान (फुरसत) 1जुलाई 2018 को प्रकाशित)

युवा विधवाएं और प्रतिमानहीनता (Young Widows in India)

युवा विधवाएं और अप्रतिमानहीनता भारत में युवा विधवाएं  ‘‘जहाँ स्त्रियों की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते है’’ ऐसी वैचारिकी से पोषित हमारी वैदिक संस्कृति, सभ्यता के उत्तरोत्तर विकास क्रम में क्षीण होकर पूर्णतः पुरूषवादी मानसिकता से ग्रसित हो चली है। विवाह जैसी संस्था से बधे स्त्री व पुरूष के सम्बन्धों ने परिवार और समाज की रचना की, परन्तु पति की मृत्यु के पश्चात् स्त्री का अकेले जीवन निर्वहन करना अर्थात विधवा के रूप में, किसी कलंक या अभिशाप से कम नहीं है। भारतीय समाज में बाल -विवाह की प्रथा कानूनी रूप से निषिद्ध होने के बावजूद भी अभी प्रचलन में है। जिसके कारण एक और सामाजिक समस्या के उत्पन्न होने की संभावना बलवती होती है और वो है युवा विधवा की समस्या। चूंकि बाल-विवाह में लड़की की उम्र, लड़के से कम होती है। अतः युवावस्था में विधवा होने के अवसर सामान्य से अधिक हो जाते है और एक विधवा को अपवित्रता के ठप्पे से कलंकित बताकर, धार्मिक कर्मकाण्ड़ों, उत्सवों, त्योहारों एवं मांगलिक कार्यों में उनकी सहभागिका को अशुभ बताकर, उनके सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन को पूर्ण रूपेण प्रतिबंध...

भारतीय संस्कृति की सापेक्षता का एक समाजशास्त्रीय विश्लेषण (A sociological analysis of the relativity of Indian culture)

भारतीय संस्कृति की सापेक्षता का एक समाजशास्त्रीय विश्लेषण (A sociological analysis of the relativity of Indian culture) संस्कृत और संस्कृति दोनों ही शब्द संस्कार से बने हैं। संस्कार का अर्थ है कुछ कृत्यों की पूर्ति करना, एक व्यक्ति जन्म से ही अनेक प्रकार के संस्कार करता है जिनमें उसे विभिन्न प्रकार की भूमिकाएं निभानी पड़ती है। संस्कृति का अर्थ होता है विभिन्न संस्कारों के द्वारा सामूहिक जीवन के उद्देश्यों की प्राप्ति। यह परिमार्जन की एक प्रक्रिया है। संस्कारों को सम्पन्न करके ही एक मानव सामाजिक प्राणी बनता है। हमारी सामाजिक संस्कृति ही है जो हमारे समाज ने हमें भेंट की है इस सामाजिक विरासत को ही संस्कृति कहते हैं इसके अन्तर्गत मानव द्वारा निर्मित उस सम्पूर्ण व्यवस्था का समावेश होता है जिसमें रीतिरिवाज, रुढ़ियाँ, परम्पराएँ, संस्थाएँ, भाषा, धर्म, कला आदि का समावेश होता है जो मनुष्य की आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक होते हैं। संस्कृति एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को प्राप्त होती हुई निरन्तर आगे बढ़ती है साथ ही प्रत्येक पीढ़ी इसको परिवर्तित, परिवर्धित एवं विकसित करती है। भारतीय संस...